मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार फाउंडेशन की नई वेबसाइट और बिजनेस कनेक्ट-2027 पोर्टल का किया शुभारंभ, प्रवासी बिहारियों से राज्य के विकास में भागीदारी की अपील
बिहार में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और देश-विदेश में रह रहे प्रवासी बिहारियों को राज्य के विकास से जोड़ने की दिशा में सरकार ने पहल तेज कर दी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ सभागार में बिहार फाउंडेशन की नव-निर्मित वेबसाइट और बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 के पोर्टल का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने ‘बिहार है तैयार’ कार्यक्रम की भी शुरुआत की।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बिहार बिजनेस कनेक्ट का आयोजन फरवरी 2027 में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य को अब तक करीब दो लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। सरकार का लक्ष्य फरवरी 2027 तक उद्योगों की स्थापना के लिए 20 हजार एकड़ भूमि उपलब्ध कराने की तैयारी पूरी करना है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने देश और विदेश में रह रहे प्रवासी बिहारियों से राज्य के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रवासी बिहारी अपने ज्ञान, कौशल, अनुभव और संसाधनों के माध्यम से बिहार में निवेश और विकास की नई संभावनाएं पैदा कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि लोगों की कर्मभूमि भले ही दुनिया के किसी भी हिस्से में हो, लेकिन अपनी जन्मभूमि को संवारना सभी का दायित्व है। बिहार के गौरवशाली इतिहास और प्रतिष्ठा को फिर से स्थापित करने के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत है।
मुख्यमंत्री ने राज्य को समृद्ध और विकसित बनाने के लिए सरकार के साथ समाज और प्रवासी समुदाय की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में बिहार फाउंडेशन के देश-विदेश में कार्यरत प्रतिनिधियों ने राज्य में हो रहे सकारात्मक बदलावों की सराहना की। उन्होंने अपने-अपने देशों में बिहार की बदलती छवि और राज्य के प्रति बढ़ती सकारात्मक धारणा का भी उल्लेख किया।
बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 को राज्य में निवेश आकर्षित करने और प्रवासी बिहारियों के साथ आर्थिक एवं औद्योगिक संबंध मजबूत करने के एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में देखा जा रहा है।





